सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में सक्रिय बाइक चोर गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 17 जुलाई 2026 की रात सरायकेला थाना क्षेत्र के जोरडीहा निवासी लाल चांद सरदार के घर के आंगन से चोरी हुई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH22F-8686) मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है।एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अख्तर अंसारी उर्फ तेजा (26 वर्ष), करण बास्के (22 वर्ष) और कृष्णा नाथ उर्फ दुखू (22 वर्ष) के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर बाइक के अलावा बिना नंबर प्लेट की चार अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इस प्रकार कुल पांच मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है।पुलिस के अनुसार अख्तर अंसारी के खिलाफ पहले से पांच तथा करण बास्के के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका गिरोह सरायकेला-खरसावां सहित आसपास के जिलों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब बरामद अन्य मोटरसाइकिलों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने के साथ-साथ गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अपराध और संगठित चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।