ओमप्रकाश तिवारी 
मोतिहारी। जिला पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय ने शनिवार को अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास, अम्बिका नगर, मोतिहारी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में साफ-सफाई, प्लम्बिंग कार्य, पानी की टंकी की सफाई, पुस्तकालय में पंखा एवं पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था तथा परिसर में उगी घास की सफाई की आवश्यकता पाई गई।
निरीक्षण में मिली कमियों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने छात्रावास परामर्शी को सभी विसंगतियों का निराकरण दो दिनों के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही छात्रावास की नियमित निगरानी कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का भी आदेश दिया गया।
इस अवसर पर राजीव कुमार, अनुमंडल पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, रक्सौल, आदित्य कुमार सिंह, अनुमंडल पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, सिकरहना (ढाका) सहित छात्रावास के छात्र मौजूद रहे।