हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री  रणबीर गंगवा ने कहा कि बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक सशक्त लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका जीवन हमें समानता, न्याय और शिक्षा का महत्व सिखाता है।

 लोक निर्माण मंत्री  रणबीर गंगवा ने यह बात शनिवार को हिसार के गांव खरड़ अलीपुर में बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की भव्य प्रतिमा का अनावरण करने के उपरांत सम्बोधित करते हुए कही।

 उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का दिया गया मूल मंत्र शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो आज भी समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार महापुरुषों की शिक्षाओं और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में महापुरुषों की जयंती बड़े स्तर पर मनाई जा रही है, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देना है।

 कैबिनेट मंत्री ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार भी दें, ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें। शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति के जीवन को नई दिशा देती है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को नौकरी दी जा रही है।