फरीदाबाद में 11 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास, सेक्टर-56 और वार्ड-1 को मिलेंगी नई सौगातें
फरीदाबाद के सेक्टर-56 और वार्ड-1 में आज केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बजट के तहत कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। क्षेत्र में चार नए ट्यूबवेल स्थापित किए जाएंगे, जिससे पेयजल समस्या का समाधान होगा। पूर्वांचल समाज के लोगों की आस्था को ध्यान में रखते हुए एक स्थायी छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा, ताकि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा लगभग 6 एकड़ भूमि पर एक भव्य और आधुनिक पार्क का निर्माण किया जाएगा, जो फरीदाबाद का तीसरा सबसे बड़ा पार्क होगा। इस पार्क में हरियाली, बैठने की व्यवस्था, ट्रैक और बच्चों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही क्षेत्र में मौजूद 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और क्षेत्र का सौंदर्य भी बढ़ेगा।
संबोधन- कृष्ण पाल गुर्जर ( केंद्रीय राज्य मंत्री )
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सभी विकास कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिए जाएंगे। उन्होंने बिना नाम लिए कुछ लोगों पर इन कार्यों को रोकने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया, लेकिन कहा कि विधायक और वार्ड पार्षद की मेहनत से ये कार्य अब धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी और लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं प्राप्त होंगी।
संबोधन- कृष्ण पाल गुर्जर ( केंद्रीय राज्य मंत्री )
Raftaar Media | सच के साथ