दिनबंधु राउत / जामताड़ा :नगर पंचायत क्षेत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आभार यात्रा निकाली गई। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह भैया, नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता एवं जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने संयुक्त रूप से किया। यात्रा सुभाष चौक से प्रारंभ होकर टावर चौक तक पहुंची, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। यात्रा के दौरान महिलाओं ने नारे लगाकर उत्साह प्रकट किया और अधिनियम को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। पूरे मार्ग में माहौल उत्साहपूर्ण और जोश से भरा रहा। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने कहा कि इस कानून से देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि सितंबर 2023 में संसद से पारित यह विधेयक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्षों पुराना सपना साकार होने जा रहा है, जिसके तहत संसद एवं विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकार, सम्मान और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी को सुनिश्चित करने वाला कदम बताया। वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुजाता सिंह भैया ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की आधी आबादी को नई ऊर्जा और शक्ति प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने सदैव महिलाओं के हितों को प्राथमिकता दी है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें सशक्त करने का कार्य किया है। सुजाता सिंह भैया ने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं बल्कि महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक दूरगामी और ऐतिहासिक पहल है, जिससे महिलाएं नीति निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी। जिला अध्यक्ष पुष्पा सोरेन ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे महिलाओं की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। कार्यक्रम में संजू देवी, अनीता गुप्ता, ज्योति देवी सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरी यात्रा के दौरान महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया।