logo

जामताड़ा एसडीओ अनंत कुमार ने फतेहपुर प्रखंड के कई परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, कदाचारमुक्त संचालन के दिए निर्देश

 


 

 


जामताड़ा जिले में आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद के निर्देशानुसार जामताड़ा अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने फतेहपुर स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर एवं आर के प्लस टू विद्यालय परीक्षा केंद्रों का दौरा कर वहां की विधि-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, परीक्षार्थियों की उपस्थिति तथा परीक्षा संचालन की समग्र स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं वीक्षकों से परीक्षा संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनंत कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा किसी भी परिस्थिति में कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा परीक्षा कक्ष में निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।साथ ही परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित केंद्रों के दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, वीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।प्रशासन ने दोहराया कि परीक्षा की गरिमा बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS