दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड, रांची के तत्वावधान में निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम के तहत शनिवार को जामताड़ा के आर.के. + 2 उच्च विद्यालय में मिहिजाम से दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला खेल पदाधिकारी के निर्देश पर हुए इस कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक, बालक वर्ग के प्रशिक्षक विजय शंकर विश्वकर्मा, बालिका वर्ग के प्रशिक्षक मोहम्मद इदरीश और आवासीय कीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के सभी खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित खिलाड़ियों और बच्चों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि नशीली दवा, शराब, अफीम, सिगरेट, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन युवाओं के शारीरिक, मानसिक और पारिवारिक जीवन पर गंभीर बुरा प्रभाव डालता है। प्रशिक्षकों ने कहा कि नशे की लत से न सिर्फ सेहत बिगड़ती है, बल्कि खेल प्रदर्शन और भविष्य भी अंधकारमय हो जाता है। जागरूकता सत्र के बाद सभी खिलाड़ियों को मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज में अधिक से अधिक लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे। दौड़ प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को संदेश दिया गया कि खेल और स्वस्थ जीवनशैली ही नशे का सबसे बेहतर विकल्प है। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार, जिला खेल प्रशिक्षक अमित कुमार और विद्यालय के प्रधानाध्यापक विश्वजीत लायक सर ने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।