जीतेन्द्र कुमार रफ्तार मीडिया

चतरा जिले में नक्सलियों और उन्हें पनाह देने वालों के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन लगातार जारी है। इसी कड़ी में लावालौंग थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे नक्सली मनोहर गंझू के एक बेहद खास समर्थक और सहयोगी कुलदीप गंझू को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, सिल्दाग गांव का रहने वाला कुलदीप वर्ष 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात नक्सली अमर सिंह भोक्ता का भी बेहद करीबी दोस्त था। अमर के मारे जाने के बाद उसने अपनी दोस्ती मनोहर गंझू से जोड़ ली। कुलदीप न सिर्फ नक्सलियों तक जंगल में खाने-पीने की सामग्री और रसद पहुंचाता था, बल्कि वह विकास कार्यों में लगे ठेकेदारों और मनोहर गंझू के बीच लेवी (रंगदारी) वसूली की सेटिंग भी करवाता था। कुलदीप ने आम ग्रामीणों के बीच अपना भारी खौफ कायम कर रखा था। आपको बता दें कि इसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और यह पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी (NDPS) के मामले में जेल जा चुका है। इसकी गिरफ्तारी लावालौंग थाना कांड संख्या 63/2022 (CLA एक्ट) के तहत हुई है। इस अहम गिरफ्तारी पर चतरा के पुलिस अधीक्षक (SP) ने स्पष्ट और सख्त संदेश देते हुए कहा है कि क्षेत्र में नक्सलियों और आतंक को पनाह देने वालों की अब कोई खैर नहीं है।