फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम, 17 अप्रैल। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने गुरुग्राम स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर के अधिकारियों के साथ मानसून तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार मानसून के दौरान कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निकाय मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई व मरम्मत कार्य मानसून से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में पंप, मशीनरी और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि नहीं होनी चाहिए।

बैठक में यूएलबी के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा, फरीदाबाद निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा, गुरुग्राम निगमायुक्त प्रदीप दहिया, गुरुग्राम उपायुक्त उत्तम सिंह, फरीदाबाद के उपायुक्त आयुष सिन्हा, मानेसर निगमायुक्त प्रदीप सिंह, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, यूएलबी निदेशक शाश्वत सांगवान, गुरुग्राम अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी व यश जालुका तथा एडीसी सोनू भट्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

जलभराव नियंत्रण पर विशेष फोकस

बैठक में गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर नगर निगमों द्वारा मानसून को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जलभराव संभावित स्थानों की पहचान, ड्रेनों की सफाई, स्टॉर्म वाटर पाइपलाइन की स्थिति, सीवरेज व्यवस्था और रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।

गुरुग्राम में 159 जलभराव हॉटस्पॉट चिन्हित

बैठक में नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों ने बताया  कि गुरुग्राम में कुल 159 जलभराव संभावित स्थान चिन्हित किए गए हैं। इनमें 4 अत्यधिक गंभीर, 39 गंभीर, 56 मध्यम और 60 मामूली श्रेणी के स्थान शामिल हैं। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा ड्रेनों की सफाई और मरम्मत कार्य तेज गति से जारी है। कुल 607 किमी ड्रेन में से 408.59 किमी की सफाई पूरी हो चुकी है तथा शेष कार्य 31 मई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ड्रेन से संबंधित 97 कार्यों में से 72 पूरे हो गए हैं तथा शेष प्रगति पर हैं। मानसून के दौरान जलभराव से निपटने के लिए 109 पंप और 63 सक्शन टैंकर की व्यवस्था की जा रही है। गुरुग्राम में कुल 468 रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं में से 309 कार्यशील हैं, जबकि 159 को दुरुस्त किया जा रहा है। इनकी मरम्मत और सफाई से जलभराव की समस्या कम करने और भूजल स्तर सुधारने में मदद मिलेगी।

मानेसर में ड्रेनों की सफाई और नई योजनाएं

मानेसर नगर निगम ने मानसून से पहले 54.56 किमी लंबाई की 23 बड़े ड्रेनों की सफाई का कार्य शुरू किया है। साथ ही 42 रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का रखरखाव और नए सिस्टम विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।

फरीदाबाद में व्यापक ड्रेनेज प्लान

फरीदाबाद में 157 ड्रेनों (196 किमी) की सफाई का कार्य किया जा रहा है, जिसे 15 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा 40 से अधिक संवेदनशील जलभराव बिंदुओं की पहचान कर वहां विशेष निगरानी की जा रही है।

समयबद्ध कार्य और बेहतर समन्वय पर जोर

मंत्री विपुल गोयल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्ट्रे कैटल फ्री अभियान को प्रभावी रूप से चलाने तथा फरीदाबाद रोड को मलबा मुक्त करने के निर्देश भी दिए।