आशीष कुमार साव/हजारीबाग:- झारखंड की राजनीति में महिला आरक्षण को लेकर घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 25 अप्रैल को रांची के मोरहाबादी मैदान में विशाल ‘जनाक्रोश रैली’ आयोजित करने का ऐलान किया है। इस रैली के जरिए भाजपा विपक्ष पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए जनसमर्थन जुटाने की रणनीति पर काम कर रही है। दरअसल, संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संशोधित प्रस्ताव के पारित नहीं हो पाने के बाद यह मुद्दा सियासी तूल पकड़ चुका है। भाजपा इसे महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा अहम विषय बताते हुए आक्रामक रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में हजारीबाग पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस और झामुमो गठबंधन पर तीखा हमला बोला। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने हमेशा महिलाओं को उनके अधिकारों से वंचित करने का काम किया है और 25 अप्रैल की ‘जनाक्रोश रैली’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन ताकतों के खिलाफ जनता की आवाज है, जिन्होंने महिला सशक्तिकरण के रास्ते में बाधाएं खड़ी की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी और बताएगी कि विपक्ष ने किस तरह महिलाओं के हक पर चोट पहुंचाई है। उन्होंने आंदोलन की रणनीति साझा करते हुए बताया कि 25 अप्रैल से 31 अप्रैल के बीच राज्य के सभी 595 मंडलों में आक्रोश पदयात्रा निकाली जाएगी। प्रत्येक मंडल में पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में केंद्र सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करेगी, जिससे वे नीति निर्धारण और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा सकेंगी। इस दौरान कोडरमा की विधायक नीरा यादव ने भी विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल महिला सशक्तिकरण का केवल दिखावा करते हैं और जब भी महिलाओं को अधिकार देने का समय आता है, उनकी संकीर्ण मानसिकता उजागर हो जाती है। उन्होंने विपक्ष के रवैये को निंदनीय और असंवेदनशील बताते हुए कहा कि झारखंड की महिलाएं इस अपमान का जवाब आने वाले समय में जरूर देंगी। हजारीबाग में आयोजित इस प्रेस वार्ता में कोडरमा विधायक नीरा यादव, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप, जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।