logo

जामताड़ा थाना क्षेत्र के न्यू पाण्डेडीह में बड़ी चोरी, चोरों ने 17 लाख के जेवरात व 3.5 लाख नकदी ले उड़े

 

जामताड़ा/दिनबंधु राउत: जामताड़ा थाना क्षेत्र के न्यू पाण्डेडीह मोहल्ले में सोमवार रात बड़ी चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने राजेश कुमार सिंह के घर को निशाना बनाते हुए करीब 17 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात और 3 लाख 62 हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। कुल मिलाकर 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है। परिजनों के अनुसार, सोमवार दोपहर के बाद पूरा परिवार चित्रा थाना क्षेत्र के हरयरमाटी गांव गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाया। बताया जाता है कि चोर सिहडी़ के रास्ते घर में दाखिल हुए और लोहे के औजार से दरवाजे तथा दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए। घर के अंदर सामान बिखेर कर कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। वही मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर का दरवाजा टूटा और सामान अस्त-व्यस्त देख घटना की जानकारी हुई। तुरंत इसकी सूचना जामताड़ा थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस की टेक्निकल टीम द्वारा घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS