दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चित्तरंजन और मिहिजाम क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक पौधरोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। पुलिस-प्रशासन से लेकर सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चित्तरंजन और मिहिजाम के विभिन्न थानों, चौकियों, रेल नगरी और प्रशासनिक कार्यालय परिसरों में पुलिस प्रशासन, अधिकारी, पदाधिकारी द्वारा सामूहिक पौधरोपण किया गया। अधिकारियों और जवानों ने नीम, पीपल, आम और गुलमोहर के दर्जनों पौधे लगाकर पर्यावरण बचाने का संकल्प लिया। थानाध्यक्षों ने कहा कि हरियाली ही जीवन है और हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। दूसरी ओर, कई सरकारी स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों और क्लबों ने भी कार्यक्रम आयोजित किए। संस्थाओं के सदस्यों ने आसपास के सार्वजनिक स्थलों, पार्कों और सड़क किनारे सफाई अभियान चलाया। प्लास्टिक कचरा हटाकर झाड़ू लगाई गई और स्वच्छता से ही स्वस्थ पर्यावरण का नारा दिया गया। इसके बाद सभी ने मिलकर फलदार और छायादार पौधे रोपे। कुछ जगहों पर स्कूली बच्चों ने पोस्टर-बैनर के साथ पर्यावरण जागरूकता रैली भी निकाली। बच्चों ने पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ और प्लास्टिक हटाओ, धरती बचाओ जैसे नारे लगाकर लोगों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने एक स्वर में कहा कि केवल एक दिन नहीं, बल्कि हर दिन पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करना होगा। वृक्षारोपण और साफ-सफाई को अपनी दिनचर्या में शामिल कर ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है।