दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
झारखंड मुक्ति मोर्चा के कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा द्वारा कराए गए जामताड़ा बंद को पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा कि बंद के दौरान जामताड़ा में जनजीवन सामान्य रहा। बाजार और दुकानें रोज की तरह खुली रहीं तथा वाहनों का परिचालन भी सामान्य रूप से जारी रहा। उन्होंने दावा किया कि बंद के समर्थन में एक दर्जन से अधिक लोग भी कहीं बंदी कराते नजर नहीं आए।प्रदीप मंडल ने आरोप लगाया कि 10 अगस्त को रांची में हुए छात्र आंदोलन में भाजपा ने बिहार, बंगाल और छत्तीसगढ़ से कार्यकर्ताओं को बुलाकर राजनीतिक रंग देने और माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन भाजपा ने राजनीतिक हस्तक्षेप कर स्थिति को प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने छात्रों की जायज मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार युवाओं और छात्रों के भविष्य को लेकर संवेदनशील है तथा उनकी समस्याएं सुनकर समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। झामुमो नेता ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए छात्रों को भटकाने और राज्य में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। प्रदीप मंडल ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए भाजपा से सवाल किया कि उस समय छात्रों के समर्थन में आंदोलन या बंद क्यों नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की राजनीति को समझ रही है और उसके प्रयास सफल नहीं होंगे।