ओम प्रकाश तिवारी
मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्वी चंपारण के तत्वावधान में शनिवार को घोरासहन प्रखंड के अथमुहान में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए संचालित ‘सिटारा योजना’ को लेकर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सिटारा योजना के तहत मिलने वाले लाभों के साथ सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पारा विधिक स्वयंसेवक (PLV) नवीन कुमार एवं पैनल अधिवक्ता ने ट्रांसजेंडर समुदाय के संवैधानिक अधिकार, समानता के प्रावधान तथा निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के बारे में विस्तार से बताया।
समाजसेवी मनीष कुमार ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को भी समाज में समान अधिकार और सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने सामाजिक समावेशिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर ट्रांसजेंडर व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में समाज में समानता, सम्मान और समावेशिता को बढ़ावा देने के लिए लोगों को जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।