दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
झारखंड सरकार द्वारा 0 से 16 साल तक के बच्चों के टीकाकरण और पोलियो उन्मूलन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को मालपाड़ा मिहिजाम में विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस अभियान में दर्जनों बच्चों को आवश्यक टीके और विटामिन की खुराक दी गई। इस टीकाकरण कार्यक्रम का नेतृत्व एएनएम बिना कुमारी, आंगनबाड़ी सेविका रीमा कुमारी, पर्यवेक्षक बीमार्जुन हेंब्रम और स्वास्थ्य कर्मी अनिल कुमार ने किया। स्वास्थ्य टीम की मौजूदगी में बच्चों की जांच कर उन्हें निर्धारित टीके लगाए गए। 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों को विभिन्न गंभीर बीमारियों से बचाव के टीके दिए गए। साथ ही कुपोषण रोकने के लिए बच्चों को विटामिन की खुराक भी वितरित की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को बताया कि पोलियो जैसी घातक बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए नियमित टीकाकरण बेहद जरूरी है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा टीके से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से मिहिजाम के मालपाड़ा, कोड़ापाड़ा, कालीतल्ला, आदि क्षेत्रों में समय समय पर शिविर लगाकर टीकाकरण किया जाता है। कार्यक्रम में दर्जनों ग्रामीण उपस्थित हुए। अभिभावकों ने बच्चों को टीका लगवाने में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को टीकाकरण के महत्व और समय पर खुराक पूरी करने की जानकारी दी। इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि आगामी 28, 29 और 30 जून को क्षेत्र में वृहद पैमाने पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। इन तीन दिनों में 5 साल तक के सभी बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य कर्मियों ने अपील की कि सभी अभिभावक अपने बच्चों को नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और घर-घर जाकर दवा पिलाने वाली टीम का सहयोग करें। स्वास्थ्य टीम ने बताया कि इस तरह के शिविर आगे भी लगाए जाते रहेंगे ताकि सरकार द्वारा गंभीर बीमारियों के उन्मूलन की दिशा में उठाए गए कदमों को जमीनी स्तर पर सफल बनाया जा सके।