शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने भाजपा से आग्रह किया है कि राजनैतिक, दलगत भेदभाव छोड़ कर प्रदेश के भविष्य के लिये उन्हें केंद्र सरकार से राजस्व घाटा अनुदान बहाल करने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा है कि यह समय किसी भी राजनीति महत्वाकांक्षा से ऊपर उठ कर प्रदेश के अधिकार और उसके अस्तित्व,स्वभिमान की लड़ाई है। इसके लिए भाजपा को आगे आते हुए प्रदेश को अपना महत्वपूर्ण सहयोग देना चाहिए। उन्होंने इसके लिये सभी राजनैतिक दलों से सहयोग की अपेक्षा भी की है।
विनय कुमार ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश का देश के पर्यवरण सरंक्षण में बहुत बड़ा योगदान है। प्रदेश ने अपनी बहुमूल्य संपदा का सरंक्षण कर वन,नदियों के साथ साथ स्वछ पर्यावरण की दिशा में एक बड़ा योगदान दिया है।आज प्रदेश विकास के मामले में भी पहाड़ी राज्यो में अग्रणी व एक अलग ही पहचान बनाये हुए है। इसमे प्रदेश में सभी सरकारों के साथ साथ प्रदेश के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश का राजस्व घाटा अनुदान बंद करना प्रदेश के साथ बहुत बड़ा अन्याय साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भाजपा दलगत राजनीति से ऊपर उठ कर प्रदेश सरकार का सहयोग करते हुए इस अन्याय के खिलाफ न्याय के लिये प्रदेशहित में आगे आएगी।
Raftaar Media | सच के साथ