logo

बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 टूर्नामेंट-2026 का भव्य समापन

 

रांची: लोहरदगा स्थित बीएस कॉलेज मैदान  में शुक्रवार को आयोजित की गई बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के समापन समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

*लोहरदगा लायंस ने जीता खिताब*
फाइनल मुकाबले में लोहरदगा लायंस ने पलामू जगलर्स को 8 विकेट से पराजित कर टूर्नामेंट पर कब्जा जमाया। मुख्यमंत्री ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

*खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा झारखंड*
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड खेल के क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है। यहां के युवाओं के रग-रग में खेल बसता है और राज्य के खिलाड़ी देश दुनिया में झारखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि विश्व क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी ने राज्य का परचम लहराया है। वहीं, हॉकी में भी झारखंड के खिलाड़ियों का लंबे समय से दबदबा रहा है। भारतीय महिला हॉकी टीम में कप्तान सहित कई खिलाड़ी झारखंड से हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास केवल क्रिकेट और हॉकी तक सीमित नहीं है, बल्कि तीरंदाजी, फुटबॉल, लॉन बॉल सहित अन्य खेलों में भी खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल नीति बनाई गई है।

*खिलाड़ियों के नाम से भी जाना जाएगा झारखंड*
मुख्यमंत्री  ने युवाओं के प्रतिभा का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड अब तक खनिज संपदा के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन राज्य सरकार की योजना है कि आने वाले समय में झारखंड को खिलाड़ियों के नाम से भी पहचाना जाए।इसके लिए ठोस कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ा जा रहा है।उन्होंने बताया कि बीएस कॉलेज मैदान के विकास में राज्य सरकार का सहयोग रहा है। पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने भी मैदान के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह स्टेडियम क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण केंद्र बनेगा।

*पूर्व भारतीय क्रिकेटरों की रही उपस्थिति*
समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर इंडियन क्रिकेट टीम के मशहूर खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग एवं हरभजन सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों के साथ राज्य में खेल विकास की संभावनाओं एवं सरकार के प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की।

*इनकी रही मौजूदगी* 
इस अवसर पर मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री  दीपिका पाण्डेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक रामचंद्र सिंह, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक  नमन विक्सल कोंगाड़ी, विधायक राजेश कच्छप सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS