डॉ विभूति सिंह/भागलपुर: जिला अंतर्गत बीते 25 जुलाई को छात्रों द्वारा तिलकामांझी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान अचानक कुछ उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों ने उग्र प्रदर्शन कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया।उपद्रवियों ने पुलिस बल, सरकारी वाहनों एवं अन्य सरकारी संपत्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही तिलकामांझी चौक स्थित *तिलकामांझी राष्ट्रीय स्मारक* को भी क्षतिग्रस्त करने की कोशिश की गई, परंतु पुलिस की सूझ-बूझ से स्मारक को बचाया गया। उपद्रवियों द्वारा आम नागरिकों, मीडिया कर्मियों एवं पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे एवं ईंट-पत्थर से हमला किया गया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी और मीडिया कर्मी घायल हो गए।स्थिति को मद्देनजर रखते हुए पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई कर नियंत्रण में लिया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले भर में छापामारी अभियान चलाया गया। CCTV फुटेज, वीडियो फुटेज एवं सोशल मीडिया साक्ष्यों के आधार पर करीब 49 नामजद एवं 400-500 अज्ञात उपद्रवियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अब तक *57 उपद्रवियों एवं असामाजिक तत्वों को हिरासत* में लिया गया है। इनमें से *41 को न्यायिक हिरासत* में भेजा गया है जबकि *16 को बंधपत्र* पर मुक्त किया गया है। शेष उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
भागलपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या अपुष्ट सूचना का प्रसार न करें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।