राजु मंडल /गांडेय।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को गांडेय पुलिस प्रशासन द्वारा थाना परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रकार के फलदार और छायादार पौधे लगाए और आम लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह, प्रभारी थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी और एसआई मणीलाल सिंह समेत पुलिस बल के जवानों ने मिट्टी खोदकर पौधे रोपे और उन्हें सींचा। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण का संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए। पुलिस प्रशासन की इस सराहनीय पहल की स्थानीय लोगों ने खूब सराहना की है।
दिखावे का न बने पौधरोपण, सुरक्षा घेरा भी है जरूरी।
दूसरी ओर, पौधरोपण की इस मुहिम की सराहना करते हुए रफ्तार मीडिया ने एक बेहद महत्वपूर्ण और व्यावहारिक मुद्दे की ओर ध्यान आकर्षित किया है। रफ्तार मीडिया के प्रतिनिधि ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि पर्यावरण दिवस या अन्य अवसरों पर बड़े उत्साह के साथ पौधे तो लगा दिए जाते हैं, लेकिन उचित घेराबंदी (ट्री-गार्ड) न होने के कारण वे पौधे लावारिस पशुओं का चारा बन जाते हैं।
उन्होंने पौधरोपण करने वाली तमाम संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल पौधा लगाकर अपनी जिम्मेदारी से इतिश्री न कर लें। पौधा तभी लगाएं, जब उसकी सुरक्षा के लिए पुख्ता घेराबंदी की व्यवस्था हो या वे खुद इसकी जिम्मेदारी लें। दिखावे के पौधरोपण से बेहतर है कि कम पौधे लगाए जाएं, लेकिन उन्हें सुरक्षित रखकर पेड़ बनने तक उनकी पूरी देखभाल की जाए।