सातवें दिन ‘परशुराम चौराहा’ नामकरण की मांग तेज
बलरामपुर। नगर क्षेत्र में निर्माणाधीन चौराहे का नाम ‘परशुराम चौराहा/चौक’ रखे जाने की मांग अब जनआंदोलन का रूप लेती दिख रही है। सातवें दिन भी हस्ताक्षर अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपना समर्थन दर्ज कराया। सामाजिक कार्यकर्ता शिवांशु शुक्ला के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को उस समय नई मजबूती मिली, जब प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व सांसद दद्दन मिश्र से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पूर्व सांसद ने मांग को जनभावनाओं से जुड़ा बताते हुए जिला प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी पत्राचार कर नामकरण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
अभियान के संयोजक शिवांशु शुक्ला ने बताया कि 17 फरवरी से प्रारंभ इस हस्ताक्षर अभियान में अब तक सैकड़ों लोगों ने समर्थन दिया है। पूर्व में जिलाधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है। संबंधित स्थल पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, लेकिन नामकरण की आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं की गई है, जिससे समर्थकों में प्रतीक्षा की स्थिति बनी हुई है।
अभियान को अखिल भारतीय ब्राह्मण जन कल्याण समिति के जिला अध्यक्ष रामनरेश त्रिपाठी, संरक्षक सेतुबंध त्रिपाठी, भाजपा नेता पिंटू मिश्रा सहित कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का समर्थन प्राप्त है। समाजसेवी भाजपा नेत्री पम्मी पांडेय व अन्य प्रतिनिधियों ने भी पूर्व सांसद से मिलकर नामकरण में विलंब न किए जाने की मांग रखी।
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि क्षेत्र की जनआस्था, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए चौराहे का नाम ‘परशुराम चौराहा’ रखा जाना चाहिए। इसी क्रम में पोस्टकार्ड अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत अब तक लगभग 80 पोस्टकार्ड मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को भेजे जा चुके हैं।
समर्थकों ने स्पष्ट किया है कि जब तक नामकरण की आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक हस्ताक्षर व जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा।
Raftaar Media | सच के साथ