फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और नेता सुधीर चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को नए भारत की भरोसेमंद आवाज कहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बोलना मोदी सरकार से निराश हो चुकी युवा पीढ़ी को आवाज देता है। उन्होंने कहा कि 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में आने वाले युवाओं के चेहरों को देखो। उनमें उन्माद नहीं होता, वो गुस्से में नहीं होते, वे अपनी आंखों में उम्मीद लिए आते हैं। उन्हें लगता है कि यह एक व्यक्ति जो सामने खड़ा है उसका नाम राहुल गांधी नहीं, उम्मीद है। भरोसा है, जो सुनता है और सुन रहा है। हर उसकी जिसे न प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुन रहे हैं, न सरकार, न सत्ता, न व्यवस्था।
उन्होंने कहा कि राहुल, युवाओं के, छात्रों के कलेजे के उस बिंदु को छूते हैं जहां पर गहरी निराशा और घुप अंधेरा छिपा बैठा है। वे कभी नहीं कहते कि हम यह कर देंगे, वह कर देंगे। वह बस बताते हैं कि दिक्कत यहां है और यह दिक्कत ठीक हो सकती है अगर सिस्टम में यह चीज ठीक कर दी जाए तो।
उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की बात करते हैं। मोहब्बत की बात करते हैं। वे साफ कहते हैं कि मोदी, शाह, अदानी दुश्मन नहीं है, लेकिन जो समस्याएं हैं, उनके मूल में यह लोग हैं। सुधीर चौधरी के मुताबिक राहुल गांधी के सामने खड़े युवा सब कुछ कह देते हैं। उनकी मौजूदगी युवाओं को निर्भीक बनाती है। वह मंच से ही नफरती कुलपतियों को संदेश देते हैं कि डरे नहीं। हम हैं। राहुल उन्हें उम्मीद की वजह देते हैं। उन्होंने कहा कि युवा किसी नेता का अंध-समर्थन नहीं, अपने भविष्य के लिए भरोसेमंद आवाज चाहते हैं। राहुल गांधी युवाओं की वह आवाज है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एआई से लेकर डेटा, मैन्युफैक्चरिंग और एजुकेशन सिस्टम पर जिस तरीके से बोलते हैं वह देखना अद्भुत है। बिना टेलीप्रॉम्पटर के हजारों पढ़े लिखे नॉलेज रखने वाले युवाओं के बीच इस तरह के विषयों पर बोलना कोई मामूली बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इस देश में राहुल गांधी अलग ही राजनीति कर रहे है। वह राजनीति की पिच ही बदल दे रहे हैं। जिस देश में बीते बारह साल में धर्म, जाति, रंग, नफरत राजनीतिक मुद्दे रहे हों, उस देश में राहुल गांधी जनता के असल सवालों पर राजनीति कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनकी सरकार, संघ और भाजपा को राहुल गांधी की यही बात सहन नहीं हो रही।