सरायकेला: JPSC एवं JSSC अभ्यर्थियों पर झारखंड सरकार द्वारा कथित लाठीचार्ज और छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में प्रदेश भाजपा के आह्वान पर मंगलवार को भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कोलाबीरा में सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता सह जिला परिषद सदस्य शंभू मंडल ने किया।इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आंदोलनरत छात्र-छात्राओं के समर्थन में आवाज बुलंद की। नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल्यों के खिलाफ है। विशेष रूप से छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।मौके पर शंभू मंडल ने कहा कि सरकार को छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से करना चाहिए। लाठी के बल पर छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार, सम्मान और न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।सड़क जाम के कारण सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शन में साधन महतो, लवकिशोर महतो, मो. कुद्दुस, संतोष महतो, रवि महतो, अक्षय पंडा, राजू पंडा, लालू सोरेन और निमाई तंतुवाई समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।