दीपचंद्र दीक्षित /फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र के बघौना गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान रामकुमार शाक्य के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रामकुमार शाक्य लंबे समय से शराब के आदी थे। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि उनकी शराबखोरी के कारण परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में एक भैंस बेचकर प्राप्त धनराशि का बड़ा हिस्सा शराब में खर्च कर दिया था, जिससे परिवार के सदस्य नाराज थे।
आरोप है कि गुरुवार देर रात रामकुमार शराब के नशे में घर पहुंचे, जिसके बाद पत्नी अनुपम और पुत्र अनुराग से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दोनों ने डंडों से रामकुमार की पिटाई कर दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मृतक के छोटे भाई आकाश ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतक के शरीर पर कई स्थानों पर चोटों के निशान मिले हैं। कमर से लेकर घुटनों तक नीले निशान दिखाई दिए, जबकि दोनों पैरों में भी गंभीर चोटें बताई जा रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।