बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़

समाज और शिक्षा के बीच बेहतर समन्वय की मिसाल पेश करते हुए चाण्डिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने नव प्राथमिक विद्यालय, हरिजन बस्ती पहुंचकर बच्चों के बीच शैक्षणिक प्रोत्साहन सामग्री का वितरण किया। इस पहल से विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

थाना प्रभारी ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। इसके बाद बच्चों को कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर एवं चॉकलेट देकर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और शिक्षा को जीवन का लक्ष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर संतन तिवारी ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है। आज का शिक्षित बच्चा ही कल समाज और देश की दिशा तय करेगा। उन्होंने बच्चों से मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की आदत अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बस्ती क्षेत्र में पहली बार इस तरह का आयोजन हुआ है, जिससे बच्चों में पढ़ाई के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह पैदा हुआ है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

ग्रामीणों ने थाना प्रभारी एवं उनकी टीम के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पुलिस की यह सकारात्मक पहल सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देती है।

इस मौके पर मुखिया मनोहर सिंह सरदार, कृष्णा कालिंदी, रबी कालिंदी, गुरुचरण कालिंदी, रौनक सिंह सरदार समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।