जामताड़ा नगर निकाय चुनाव में भाजपा जिला अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिला प्रशासन पर लगाया पक्षपात का आरोप
जामताड़ा / दिनबंधु राउत: जामताड़ा नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिला प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है, जिसे पार्टी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। सुमित शरण ने बताया कि हाल ही में अजंता चौक के पास फ्लाइंग स्क्वायड (एफएसटी) टीम द्वारा रीना कुमारी का चुनावी झंडा हटाया जा रहा था। इस कार्रवाई का उन्होंने स्वयं तथा रीना कुमारी के भाई वीरेंद्र मंडल ने विरोध किया। आरोप है कि विरोध के बाद प्रशासन ने वीरेंद्र मंडल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया, जिसे भाजपा ने पक्षपातपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना से स्पष्ट है कि जिला प्रशासन निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। भाजपा ने इस मामले की लिखित शिकायत चुनाव आयोग को भी भेजी है, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जा सके। प्रेस वार्ता में मौजूद रीना कुमारी के भाई ब्रायन मंडल ने भी प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कार्रवाई की जा रही है, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन किसी विशेष प्रत्याशी के पक्ष में काम कर रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि नगर पंचायत की जनता का समर्थन उनकी बहन को मिलेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष चुनाव की मांग करते हुए प्रशासन की कार्रवाई का विरोध किया। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि पक्षपातपूर्ण रवैया जारी रहा तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Raftaar Media | सच के साथ