सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो चुकी है। राज्य की सत्तारूढ़ दल झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा मुख्य विपक्षी दल भाजपा पर लगाए गए आरोपों और चुनावी संभावनाओं को लेकर की गई टिप्पणियों पर भाजपा ने पलटवार किया है। गुरुवार को भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि विपक्ष भाजपा को लेकर अनावश्यक चिंता कर रहा है, जबकि उसे अपने गठबंधन की स्थिति और विधायकों की एकजुटता पर ध्यान देना चाहिए।
*अजय शाह ने झामुमो के बयान पर कसा तंज*
झामुमो के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने कहा कि उनका वक्तव्य “चोर मचाए शोर” वाली कहावत को चरितार्थ करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव को लेकर सबसे पहले संदेह और भ्रम का वातावरण झामुमो और कांग्रेस गठबंधन ने ही बनाया था। अब वही दल अपने विधायकों की एकजुटता और समर्थन को लेकर सार्वजनिक रूप से सफाई देते नजर आ रहे हैं।उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने पहले अपने ही विधायकों के कथित रूप से बिकाऊ होने और हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका जताकर राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने का प्रयास किया, वे आज दावा कर रहे हैं कि उनके सभी विधायक पूरी तरह पार्टी लाइन पर मतदान करेंगे। यह विरोधाभास उनके अंदरूनी असमंजस और चिंता को दर्शाता है।
*विपक्ष फैला रहा है भ्रम : भाजपा*
भाजपा ने आरोप लगाया कि राज्यसभा चुनाव को लेकर झामुमो और कांग्रेस लगातार भ्रम की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद से ही महागठबंधन के नेताओं द्वारा ऐसे बयान दिए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य राजनीतिक माहौल को प्रभावित करना और जनता के बीच अनिश्चितता पैदा करना है।
*"भाजपा चुनावी मैदान में है और मजबूती से लड़ेगी"- अजय शाह*
झामुमो की ओर से दावा किया गया है कि भाजपा चुनाव नहीं लड़ेगी इस दावे को खारिज करते हुए अजय साह ने स्पष्ट कहा कि भारतीय जनता पार्टी राज्यसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और जीत भी दर्ज करेगी।उन्होंने कहा कि भाजपा के पास मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और अनुशासित विधायक हैं। पार्टी चुनावी रणनीति के तहत आगे बढ़ रही है और उसे जनप्रतिनिधियों का पर्याप्त समर्थन प्राप्त है। इसलिए विपक्ष द्वारा भाजपा की संभावनाओं पर सवाल उठाना केवल राजनीतिक हताशा का परिणाम है।
*"अपने गठबंधन की स्थिति पर ध्यान दे झामुमो"- भाजपा*
राज्यसभा चुनाव से पूर्व ही सियासी पारा चढ़ चुकी हैं आरोप प्रत्यारोप के दौर के बीच भाजपा प्रवक्ता अजय शाह ने झामुमो को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें भाजपा के आंतरिक मामलों में अनावश्यक दखल देने या राजनीतिक भविष्यवाणियां करने के बजाय अपने गठबंधन की स्थिति का आकलन करना चाहिए।उन्होंने सवाल उठाया कि यदि झामुमो को अपने विधायकों की एकजुटता और समर्थन पर पूरा भरोसा है, तो फिर बार बार सार्वजनिक मंचों से सफाई देने और आश्वस्त करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कौन किसके साथ खड़ा है और किसे कितना समर्थन प्राप्त है, इसका जवाब मतदान के दिन स्वतः सामने आ जाएगा।