सरायकेला : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), सरायकेला-खरसावां के तत्वावधान में गुरुवार को वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष डीएलएसए रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन तथा सचिव तौसीफ मेराज के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया।वन विभाग, सरायकेला के सहयोग से सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय बीरेश कुमार, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम बी.के. पांडेय, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-द्वितीय दीपक मलिक, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लूसी सोसेन टिग्गा, सिविल जज (वरीय प्रभाग)-III अनामिका किस्कू, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी आशीष अग्रवाल, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी धृति धैर्य तथा जिला अधिवक्ता संघ के सचिव देबाशीष ज्योतिषी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, जैव विविधता के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आम लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।इसी क्रम में जिला बार एसोसिएशन परिसर में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा तथा हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण के लिए सक्रिय योगदान देने की सामूहिक शपथ ली।