दिनेश कुमार रजक/चित्तरंजन:चित्तरंजन के श्रीलता खेल मैदान में चल रही श्रीलता प्रीमियर लीग टी-20 प्रतियोगिता का रोमांच चरम पर है। जूनियर ग्रुप के लिए श्रीलता क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला गुरुवार को आखिरी गेंद पर टाई हो गया, जबकि दूसरे मैच में श्रीलता एवेंजर ने शानदार जीत के साथ फाइनल में जगह बना ली। गुरुवार सुबह अंडर-13 जूनियर समूह के खिलाड़ियों के बीच श्रीलता टाइगर और श्रीलता एवेंजर की टीमें आमने-सामने थीं। मैच अंतिम ओवर तक बेहद रोमांचक रहा। आखिरी गेंद पर मिले अतिरिक्त रन के कारण मुकाबला टाई पर छूट गया। दर्शकों ने खिलाड़ियों के जुझारूपन की जमकर सराहना की। दोपहर बाद खेले गए दूसरे मुकाबले में श्रीलता एवेंजर ने श्रीलता रॉयल को 77 रन के बड़े अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। एवेंजर के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन तालमेल दिखाया। टूर्नामेंट 5 जून तक चलेगा। शुक्रवार सुबह नॉकआउट मुकाबला और दोपहर बाद ग्रैंड फाइनल खेला जाएगा। फाइनल में श्रीलता एवेंजर का मुकाबला सुपर टू टीम से होगा। अकादमी के हेड कोच अमित सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण ले रहे बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस तरह के टूर्नामेंट से बच्चों की प्रतिभा में निखार आता है और मैच खेलने की क्षमता का भी विकास होता है। हार-जीत से ज्यादा जरूरी है खेल भावना।