नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस 2026 के मद्देनज़र दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतज़ाम किए हैं। राष्ट्रीय राजधानी के नई दिल्ली इलाके में करीब 10,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही AI-युक्त स्मार्ट चश्मे, फेस रिकग्निशन सिस्टम और उन्नत वीडियो एनालिटिक्स से लैस हजारों सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

नई दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महाला ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों में बांटा गया है। प्रमुख मार्गों पर जांच चौकियां, बैरिकेडिंग और सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। नई दिल्ली क्षेत्र में 3000 से अधिक CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जो फेस रिकग्निशन और वीडियो एनालिटिक्स तकनीक से लैस हैं।

उन्होंने बताया कि इन कैमरों से मिलने वाले लाइव फीड की निगरानी के लिए करीब 150 कर्मियों वाले 30 से अधिक कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे।

AI Glasses से होगी संदिग्धों की तुरंत पहचान

पुलिस आयुक्त के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को FRS और Video Analytics से लैस AI स्मार्ट चश्मे दिए गए हैं। ये भारत में निर्मित उपकरण पुलिस डेटाबेस से जुड़े होंगे, जिससे अपराधियों, संदिग्धों और घोषित अपराधियों की रियल-टाइम पहचान संभव हो सकेगी।
महाला ने कहा, “अगर किसी व्यक्ति का चेहरा हमारे डेटाबेस से मेल खाता है, तो उसे तुरंत चिन्हित कर लिया जाएगा।”

Republic Day 2026 की भव्य तैयारियां

पूरे देश में 77वें गणतंत्र दिवस को लेकर उत्साह का माहौल है। 26 जनवरी 2026 को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष गणतंत्र दिवस की थीम ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ रखी गई है।

परेड में राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों की आकर्षक झांकियां देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाएंगी। वहीं, भारतीय सेना अपनी आधुनिक सैन्य शक्ति और अनुशासन का प्रदर्शन करेगी।

इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं।