रिपोर्ट रोहित कुमार/बिजनौर

बिजनौर में पहाड़ों और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। शनिवार को गंगा में 1.80 लाख क्यूसेक पानी दर्ज किया गया, जिससे जलीलपुर क्षेत्र के कई गांवों में गंगा का पानी घुस गया है। इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गंगा का जलस्तर 218.70 मीटर दर्ज किया गया है। जलस्तर बढ़ने से जलीलपुर क्षेत्र के निचले इलाकों में पानी भर गया है। ग्रामीणों को आवागमन, पशुओं के चारे और अन्य दैनिक कार्यों में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसके अतिरिक्त, चांदपुर से हस्तिनापुर को जोड़ने वाले मार्ग पर भी पानी आ जाने से राहगीरों को परेशानी हो रही है।

अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश

मध्य गंगा बैराज के अधिशासी अभियंता कृष्ण पाल ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और सिंचाई विभाग की टीम 24 घंटे सक्रिय है। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक कहीं भी कोई बड़ी दिक्कत सामने नहीं आई है।