दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :

जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र के दुलाडीह स्थित नगर भवन मार्ग पर हाल ही में स्थापित 15 आधुनिक सोलर स्ट्रीट लाइटों को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद एकजुट होकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पार्षदों ने कार्यपालक पदाधिकारी तथा जामताड़ा थाना प्रभारी से मुलाकात कर इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला नहीं है, बल्कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को बाधित करने की सुनियोजित कोशिश है। पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द दोषियों की पहचान कर कार्रवाई नहीं करता है तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं निर्माण कार्य का जिम्मा संभाल रही मदनलाल एजेंसी के संवेदक गौरव कुमार बजाज के प्रतिनिधियों ने भी जामताड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में दोषियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। एजेंसी की ओर से बताया गया कि इस तोड़फोड़ की घटना से लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, दुलाडीह नगर भवन के सौंदर्यीकरण कार्य के तहत 2 जून की रात 15 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं। 3 जून की रात पहली बार जब ये लाइटें जलीं तो पूरा मार्ग रोशनी से जगमगा उठा था। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना भी की थी। लेकिन 4 जून की सुबह सभी लाइटें क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और निराशा फैल गई। फिलहाल जामताड़ा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों की तलाश जारी है। मौके पर पार्षद अशोक कुमार साव, विजय राउत, आलोक किस्कू, उत्तम रवानी, होरोनाथ गोण, दीनबंधु राउत, सुनील बाउरी, अरविंद साव, सजल दत्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित थे।