जितेंद्र कुमार दास/तोपचांची: प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इसी क्रम में हरिहरपुर पंचायत अंतर्गत दास टोला में अंबेडकर युवा संघ हरिहरपुर द्वारा बाबा साहेब की जयंती बड़े उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित की गई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही और पूरा वातावरण बाबा साहेब के विचारों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम का संचालन सोहन दास ने किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष और समाज को दिए गए अधिकारों पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को समानता, शिक्षा और अधिकार दिलाने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने लोगों से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठित रहकर ही समाज अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है और विकास की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, जे एल के एम के केंद्रीय संगठन मंत्री बालेश्वर दास, परी संघ जिला अध्यक्ष संतोष दास, मुखिया प्रतिनिधि कपिल सिंह, मनोज दास, पंचायत समिति सदस्य आनंद केवट समेत सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे।