दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देशानुसार शुक्रवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 09 जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र सह अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने प्री-एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) गतिविधि के तहत विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मिहिजाम स्थित जनजातीय संध्या डिग्री कॉलेज में बनाए गए मतदान केंद्र संख्या 337, 338 एवं 366 का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों में मतदाताओं की मैपिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई।कार्य की गति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर एसडीओ ने संबंधित बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को कड़ी नाराजगी जताते हुए दो से तीन दिनों के भीतर शत-प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। इसके अलावा नोशनल मकान सूचीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। घर-घर लगाए जाने वाले स्टीकरों की जांच करते हुए उन्होंने संबंधित कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ सूचीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। एसडीओ ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रत्येक गतिविधि का सही और अद्यतन रिकॉर्ड रखना आवश्यक है।उन्होंने सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि मैपिंग एवं मकान सूचीकरण से संबंधित सभी कार्यों की नियमित प्रविष्टि रजिस्टर में सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद मिहिजाम गोपेश कुम्भकार, संबंधित बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षक उपस्थित थे।