जितेंद्र कुमार दास/रफ्तार मीडिया

तोपचांची: दिव्यांग बच्चों को शिक्षा का अधिकार सुनिश्चित करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को टीएपी प्लस टू विद्यालय, तोपचांची में विशेष नामांकन अभियान को लेकर प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी एजाज हुसैन उपस्थित रहे।
बैठक में प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा विभाग) रिंकी कौर ने दिव्यांग बच्चों के लिए संचालित शैक्षणिक योजनाओं एवं विशेष नामांकन अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 से 24 जून तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के सभी दिव्यांग बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है।
बीडीओ एजाज हुसैन ने कहा कि कोई भी दिव्यांग बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने शिक्षकों एवं संबंधित कर्मियों से घर-घर जाकर योग्य बच्चों की पहचान कर उनका नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने अभियान की सफलता के लिए जनप्रतिनिधियों की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं, रूम टू रीड संस्था के जिला प्रतिनिधि दिलीप कुमार ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर देते हुए दिव्यांग बच्चों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही।
शिक्षक प्रतिनिधि कनक क्रांति मेहता ने विशेष नामांकन अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए अभियान के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर सभी बीआरपी एवं सीआरपी के अलावा शिक्षक विवेक कुमार, चंद्रशेखर सिंह, विक्रम कुंभकार, मनोज कुमार, ममता कुमारी, गुलाम अहमद, सुल्तान अंसारी, सौरभ कुमार पाल, दिलीप राम, हेमलाल ठाकुर, गौतम कुमार, महेंद्र चौबे, रीता कुमारी सहित कई शिक्षक एवं शिक्षा विभाग के कर्मी उपस्थित थे।