logo

जामताड़ा नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशा गुप्ता ने आभार यात्रा लगाकर लोगों की सुन रहीं हैं समस्या

 

जामताड़ा / दिनबंधु राउत:जामताड़ा नगर पंचायत की नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशा गुप्ता शहर की समस्याओं को जानने के लिए अलग अंदाज में पहल कर रही हैं। पूर्व की तरह सभा व सम्मेलन आयोजित करने के बजाय अब वे आभार यात्रा के माध्यम से शहर के अलग-अलग वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से मिल रही हैं और उनकी मूलभूत समस्याओं की जानकारी लेकर समाधान की दिशा में काम शुरू करा रही हैं। शुक्रवार को आभार यात्रा के दौरान वार्ड संख्या चार और वार्ड संख्या एक के विभिन्न मोहल्लों में भ्रमण करते हुए श्रीमती आशा गुप्ता ने कहा कि शहरवासियों ने उन्हें व्यापक समर्थन देकर नगर पंचायत का नेतृत्व सौंपा है। ऐसे में उनकी प्राथमिकता जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना है। उन्होंने कहा कि होली के अवसर पर नगर पंचायत के अलग-अलग वार्डों में आभार यात्रा के जरिए लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं को समझा जा रहा है, ताकि मौके पर ही उसके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा सके। आभार यात्रा के दौरान शहरवासियों ने कई समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। लोगों ने जगह-जगह खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने की मांग की। इस पर उन्होंने समस्या को गंभीरता से लेते हुए दुमका रोड स्थित बस स्टैंड समेत अन्य स्थानों पर खराब स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। इसी तरह न्यू टाउन, राजवाड़ी समेत कई वार्डों में लंबे समय से जमा कचरे के निस्तारण की भी मांग लोगों ने उठाई। नगर पंचायत प्रशासन से समन्वय स्थापित कर मोहल्लों में जमा कचरे को हटाने का काम तेज गति से शुरू कराया गया है।इसके लिए ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन लगाकर सफाई कार्य को गति दी जा रही है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि शहर में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर घरों तक जलापूर्ति के लिए लगाए गए नलों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे ताकि प्रत्येक घर तक नियमित रूप से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।उन्होंने कहा कि शहरवासियों के सहयोग से जामताड़ा शहर में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जाएगा। छोटे-बड़े सभी प्रकार की समस्याओं के समाधान के लिए नगर पंचायत पूरी गंभीरता से काम करेगी।आभार यात्रा के माध्यम से लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं को समझने और उनके त्वरित समाधान की दिशा में प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS