रफ़्तार मीडिया संवाददाता/ पवन गुप्ता/खलारी/डकरा:केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ ने गुरुवार को खलारी और डकरा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का निरीक्षण किया, वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा का अनावरण किया और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा का अनावरण
मोहन नगर तालाब के निकट खलारी-डकरा मुख्य मार्ग के किनारे सांसद निधि से बने एक बड़े चबूतरे पर वीर योद्धा पृथ्वीराज चौहान की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है।संजय सेठ और एनके एरिया के महाप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता ने नारियल फोड़कर कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया गया। संजय सेठ ने कहा कि मोहन नगर के लोगों की भावना को देखते हुए इस चौक को भव्य रूप देने का निर्णय लिया गया था। महापुरुषों की प्रतिमाएं हमें हमेशा प्रेरणा देती हैं। कार्यक्रम का संचालन कृष्णा चौहान ने किया। इस मौके पर अर्जुन राम, मनोज गुप्ता, अनिल कुमार गंजू, सरस्वती देवी, सुनीता देवी सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समाज सेवी उपस्थित थे।
केंद्रीय विद्यालय डकरा का जल्द होगा उद्घाटन
संजय सेठ ने डकरा स्थित केंद्रीय विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय इस कोयलांचल क्षेत्र के लिए एक बड़ा तोहफा है। उन्होंने तत्कालीन कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने न सिर्फ इस विद्यालय को दोबारा खुलवाने में सहयोग किया बल्कि अलग से 20 करोड़ के सहयोग का आश्वासन भी दिया था।मंत्री ने कहा जब मैंने पहली बार इस भवन की स्थिति देखी थी, तो यह एक खंडहर जैसा था जिसे देखकर दिल दहल जाता था। लेकिन आज का यह दृश्य मन को सुकून देने वाला है। बहुत जल्द इस केंद्रीय विद्यालय का उद्घाटन कराया जाएगा।"
एसीसी छठ तालाब की स्थिति पर जताई नाराजगी, मरम्मत के निर्देश
खलारी दौरे के दौरान सांसद ने एसीसी छठ तालाब का भी निरीक्षण किया डीएमएफटी और सीएसआर मद से करीब 59 लाख की लागत से इस तालाब का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया गया था, जिसमें छठ घाट निर्माण और सोलर लाइटें शामिल थीं।निरीक्षण के दौरान तालाब से गाद-मिट्टी की सफाई न होने और बांध की मरम्मत न किए जाने पर सांसद ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।उन्होंने एनके एरिया के महाप्रबंधक डीके गुप्ता से कहा कि वे कोयला खदान की मशीनों का उपयोग कर तालाब से गाद-मिट्टी हटाने का प्रयास करें। बरसात से पहले तालाब की नए सिरे से खुदाई और बांध की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।
सीसीएल को सौंपी जाएगी पार्क के रखरखाव की जिम्मेदारी
खलारी में करीब 2 करोड़ 7 लाख की लागत से निर्मित 'खलारी पार्क' का भी संजय सेठ ने निरीक्षण किया। यह पार्क अभी तक आधिकारिक रूप से हैंडओवर नहीं हो सका है। मंत्री ने संवेदक से फोन पर बात कर शीघ्र मरम्मत और रंग-रोगन करने के निर्देश दिए ताकि इसे जल्द से जल्द जनता के लिए खोला जा सके। उन्होंने सीसीएल महाप्रबंधक डीके गुप्ता से कहा कि सीएसआर मद से इस पार्क के रखरखाव की जिम्मेदारी सीसीएल को दी जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे सीसीएल सीएमडी से इस प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने का प्रयास करेंगे।
विधायक पर साधा निशाना
पिछले दिनों छपी एक खबर का हवाला देते हुए मंत्री संजय सेठ ने स्थानीय विधायक पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि कांके विधायक कमीशन लेकर योजनाओं का शिलान्यास कर रहे हैं। भाजपा के विधायक कभी ऐसे कृत्य में शामिल नहीं रहे। उन्होंने कहा कि विभागीय लोगों को मिलाकर सिर्फ ठेकेदारी प्रथा चलाई जा रही है और जनता से इनका कोई सरोकार नहीं है।