सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा में झारखंड आंदोलनकारी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता कालीपद सोरेन का ग्रामीणों और बुद्धिजीवियों द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम का नेतृत्व समाजसेवी एवं शिक्षाविद् डॉ. जोगेंद्र महतो ने किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने अंगवस्त्र एवं फूलमालाओं से उनका स्वागत कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में बी.टी. दास भी मौजूद रहे।स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कालीपद सोरेन ने कहा कि कांड्रा क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी मांग अंडरपास निर्माण को लेकर लगातार पत्राचार एवं प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही कांड्रावासियों को अंडरपास निर्माण की सौगात मिलेगी। उन्होंने कहा कि अंडरपास बनने से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जा रहा है और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।कार्यक्रम में डॉ. जोगेंद्र महतो, बसंत राम, होनी सिंह मुंडा, फागुलाल तिवारी, राम प्रसाद पाल, प्यारेलाल गुप्ता, विजय पासवान, उमेश पाल, राजेश कालिंदी, बुद्धू सरदार, करण मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे। नागरिकों ने कालीपद सोरेन के प्रति अपना समर्थन और विश्वास व्यक्त करते हुए क्षेत्र के विकास संबंधी मुद्दों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।