दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता

फर्रुखाबाद। जनपद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से थाना कादरीगेट पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने जन-सुनवाई करते हुए लोगों की शिकायतों का गंभीरतापूर्वक अनुश्रवण किया और उनके शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण का आश्वासन दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामलों, पुलिस शिकायतों एवं अन्य समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर विवादित मामलों का मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान फरियादियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति विश्वास दिलाया गया। अधिकारियों ने कहा कि जनता की शिकायतों का प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।