भूमाफियाओं के हौसले बुलंद नगर बुलडोजर का खौफ खत्म पालिका की नाक के नीचे हो गया खेल' पंजाबा की जमीन पर खड़ा कर दिया आलीशान मकान
गंजडुंडवारा (कासगंज): जनपद के नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा में भू-माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब उन्हें न तो प्रशासन का डर है और न ही कानून का। ताज़ा मामला कादरगंज अड्डे के समीप स्थित 'पंजाबा की जमीन' का है, जहाँ अवैध कब्जे की सारी हदें पार करते हुए सरकारी जमीन पर पूरा का पूरा मकान खड़ा कर दिया गया है।
शिकायतों का नहीं कोई असर, आखिर शह किसकी?
हैरानी की बात यह है कि इस अवैध निर्माण के खिलाफ स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन नतीजा सिफ़र रहा। सूत्रीय जानकारी से पता चला स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मामला पहले भी कई बार सुर्खियों में रह चुका है, फिर भी जिम्मेदार अधिकारी अपनी आँखें मूंदकर बैठे हैं। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या नगर पालिका के अधिकारियों ब अन्य राजस्व के अधिकारी और भू-माफियाओं के बीच कोई 'भीतरी साठगांठ' चल रही है?
प्रशासनिक चुप्पी पर खड़े हो रहे बड़े सवाल
इतना बड़ा निर्माण रातों-रात नहीं हुआ होगा। जब ईंट से ईंट जुड़ रही थी, तब नगर पालिका के जिम्मेदार कर्मचारी और उच्चाधिकारी कहाँ थे? कादरगंज अड्डे जैसे व्यस्त क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जा हो जाना प्रशासन की कार्यशैली पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है। आखिर गंजडुंडवारा की जनता जानना चाह रही है:
आखिर किसके संरक्षण में अवैध कब्जे का यह 'बड़ा खेल' खेला गया?
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई की फाइलें किस अलमारी में दफन कर दी गईं?
क्या मुख्यमंत्री के 'जीरो टॉलरेंस' और बुलडोजर नीति का खौफ गंजडुंडवारा के भू-माफियाओं में खत्म हो चुका है?
सुर्खियों में रहने के बाद भी ठंडे बस्ते में कार्रवाई
यह पहली बार नहीं है जब यह जमीन चर्चा में आई है। पूर्व में भी विवाद गहराने पर आश्वासन दिए गए थे, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन इस अवैध निर्माण पर क्या संज्ञान लेता है या फिर रसूखदारों के दबाव में यह खेल ऐसे ही चलता रहेगा।
Raftaar Media | सच के साथ