दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
आर्ट ऑफ लिविंग जामताड़ा परिवार की ओर से कायस्थ पाड़ा स्थित सरस्वती मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 50 महिला एवं पुरुष साधकों ने भाग लेकर गुरु तत्व के प्रति अपनी आस्था और कृतज्ञता व्यक्त की।कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल विशेष साधना एवं सेवा कार्यों के साथ हुई। वहीं संध्या सत्र में विधि-विधान के साथ गुरु पूजा संपन्न हुई। इसके बाद आनंदमय सत्संग, गुरु भजन और विशेष फुल मून मेडिटेशन का आयोजन किया गया। ध्यान और सत्संग के दौरान श्रद्धालु परम पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और समर्पण भाव में भावविभोर दिखाई दिए। कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर विजय भगत ने बताया कि गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि गुरु के प्रति आभार व्यक्त करने तथा साधना, सेवा और आत्मिक उन्नति का संकल्प लेने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा आर्ट ऑफ लिविंग परिवार ने इस पर्व को सामूहिक रूप से पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया।कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. मंजुला मुर्मू, प्रकाश शेखर, रामा रानी सरकार, इंदु प्रभा, रीता घोष, रीना द्विवेदी, चुमकी दास, अर्चना चौधरी, श्रीकांत प्रसाद, राजेंद्र गोराई, शारदा प्रतिमा, राजेश चौधरी सहित अनेक साधकों की सक्रिय भूमिका रही।