दीपचंद्र दीक्षित संवाददाता
फर्रुखाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर सरैया स्थित स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ नर्सिंग में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अतिथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता तथा स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद संस्था के डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पोस्टरों और रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ और वृक्ष लगाओ जैसे संदेश दिए। जागरूकता रैली में अतिथियों के साथ विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
कॉलेज परिसर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में अतिथियों, प्रबंधन समिति के सदस्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। सभी ने संकल्प लिया कि केवल पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित भी करेंगे।
मुख्य अतिथि सुधेश दुबे ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण मानव जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के अभियान में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
जिला मंत्री भाजपा श्रीमती श्वेता दुबे ने अपने संबोधन में जल संरक्षण, स्वच्छता अभियान और हरित पर्यावरण को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया।
संस्था चेयरमैन एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पूर्व प्रशासनिक अधिकारी सिंचाई विभाग सुधेश दुबे, पर्यावरण संरक्षण प्रभारी एवं भाजपा जिला मंत्री श्वेता दुबे, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष वी.के. गंगवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आदित्य मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा सुभाष वर्मा, संस्था चेयरमैन अनुराग दुबे, डायरेक्टर डॉ. सचिन दुबे, प्राचार्य, समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।