अयोध्या :सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के घोषित परिणामों में अयोध्या जिले के विद्यालयों का प्रदर्शन शानदार रहा। अयोध्या के उदया पब्लिक स्कूल का रिजल्ट शत-प्रतिशत रहा, जहां 27 विद्यार्थियों ने 95% से अधिक और 65 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए। उदया पब्लिक स्कूल की छात्रा सौम्या गुप्ता ने 98.6% अंक हासिल कर जिले में टॉप किया है। सौम्या ने अपनी सफलता का श्रेय रेगुलर पढ़ाई, टीचर्स की गाइडेंस, माता-पिता के त्याग और स्कूल के शिक्षकों के निरंतर सहयोग को दिया। सौम्या का सपना जेई की पढ़ाई करके इंजीनियर बनने का है। उनके पिता अनुराग गुप्ता एक बड़े बिजनेसमैन हैं और मां मीना गुप्ता शिक्षिका हैं, जिन्होंने बचपन से ही सौम्या को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। वही इसी स्कूल की छात्रा रश्मि सिंह 97.8% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। रश्मि का सपना इंजीनियर से आगे आईएएस बनकर देश की सेवा करने का है। रश्मि के पिता दीपक सिंह और माता अर्चना सिंह ने कहा कि हम लोगों का हमेशा से बेटी के लिए अच्छा सपोर्ट रहा और जिले में अच्छे अंक लाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी खुशी की बात है। इस उपलब्धि पर उदया पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ0 चन्द्र प्रकाश त्रिपाठी, निदेशक सुश्री अपूर्वा त्रिपाठी, डॉ0 अरुण कुमार तिवारी, सीईओ जीवेंद्र सिंह और प्रिंसिपल निधि सिन्हा सहित समस्त प्रबंध समिति व स्टाफ ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालयों के प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया।