रफ्तार मीडिया/मांडर: मांडर टॉल प्लाजा में बीती रात हुई मारपीट की घटना में टॉल मैनेजर सहित आधा दर्जन टॉल कर्मियों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टॉल मैनेजर ने आरोप लगाया है कि एक मामूली विवाद के बाद शादी समारोह में जा रहे लगभग 50–60 लोगों के समूह ने टॉल प्लाजा पर हमला कर दिया। इस दौरान टॉल कर्मियों के साथ जमकर मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल कुछ कर्मियों को बेहतर उपचार के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया है। इस मामले में टॉल मैनेजर द्वारा मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही दोषियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।