हरियाणा के जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि आधुनिक दौर में केवल डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास आधुनिक तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल होना भी जरूरी है। आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा सोमवार को हिसार के बरवाला स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छात्र संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर संवाद करते हुए उनके सवालों का मंत्री ने जवाब दिया। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और भविष्य की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव, सुझाव और भविष्य से जुड़ी अपेक्षाएं कैबिनेट मंत्री के समक्ष रखीं। इस अवसर पर आईटीआई में पौधारोपण भी किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्रों के सवालों के जवाब देते हुए बताया कि राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में छात्र व छात्राओं को आधुनिक शिक्षा प्रदान करने के लिए हर 20 कि.मी. के दायरे में राजकीय कॉलेजों का निर्माण करवाया गया है। शिक्षण संस्थानों में रोजगार मेलों के आयोजन के लिए सरकार द्वारा कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। सरकार द्वारा उद्योग एवं नए स्टार्टअप के लिए बिना गारंटी लोन देने की योजना लागू की गई है।
पेपर लीक के एक सवाल का जवाब देते हुए केबिनेट मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक के मामले पर गंभीरता दिखाते हुए कठोर नियम बनाए है। पेपर लीक में शामिल व्यक्तियों पर भारी जुर्माना व 10 साल सजा का प्रावधान किया गया है। मंत्री ने कहा कि आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के युवाओं को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रशिक्षण मिले और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हों। सरकार द्वारा आईटीआई पास छात्रों के लिए अप्रेंटीशिप जैसी योजना चला रखी है जिसके तहत उन्हें प्रति माह 9600 रूपए दिए जाते है।
उन्होंने बताया कि हिसार एयरपोर्ट के पास आईएमसी का निर्माण किया जा रहा है, यहां न केवल आईटीआई पास छात्रो को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे बल्कि रूचि लेने वाले छात्र अपना खुद का उद्योग स्थापित कर क्षेत्र को विकसित करने में सहयोग देगें।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रवीन सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर सिंह धीरू, एसडीएम अश्वीर नैन, आईटीआई प्रिंसिपल सुमित सचदेवा सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।