Amit Shah in Ranchi: रांची में अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक, 20 प्रमुख मुद्दों पर होगी चर्चा
रांची— झारखंड की राजधानी रांची आज राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बन गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद (Eastern Zonal Council) की 27वीं बैठक होटल रेडिशन ब्लू में सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। इस बैठक में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुल 70 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं।
बुधवार रात 10:15 बजे अमित शाह विशेष विमान से रांची पहुंचे, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा भी मौजूद रहे।
सीएम हेमंत सोरेन भी दिल्ली से रांची पहुंचे
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (hemant soren) भी बुधवार देर रात दिल्ली से रांची पहुंचे।
बैठक में उठाए जा रहे ये 20 अहम मुद्दे
पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में कुल 20 महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा हो रही है, जिनमें शामिल हैं:
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार
बिजली वितरण कंपनियों के वित्तीय घाटे को कम करना
अर्बन मास्टर प्लान की समीक्षा
सीमावर्ती जलाशयों के विवादों का समाधान
यौन अपराधों की जांच प्रक्रिया को मजबूत करना
राज्य बोर्डों और निगमों की परिसंपत्तियों और देनदारियों का विभाजन
खनिज संपत्तियों की नीलामी प्रक्रिया
स्कूलों में ड्रॉपआउट रेट को कम करने के उपाय
सहकार से समृद्धि योजना को तेज़ी से लागू करने पर मंथन
राज्यों की प्रमुख भागीदारी
बैठक में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं। सभी प्रतिनिधियों के ठहरने और बैठक की व्यवस्था होटल रेडिशन ब्लू में की गई है।
शाम को दिल्ली लौटेंगे गृह मंत्री अमित शाह
बैठक के समापन के बाद गृह मंत्री अमित शाह आज शाम को ही दिल्ली वापस लौट जाएंगे। बैठक को पूर्वी भारत के चार प्रमुख राज्यों के बीच सहयोग और विवाद समाधान की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Raftaar Media | सच के साथ