दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।

जामताड़ा नगर पंचायत कार्यालय परिसर में मंगलवार को नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता के आह्वान पर जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल आठ लोगों ने अलग-अलग समस्याओं को लेकर आवेदन दिया। वही नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने बताया कि जनता दरबार में जन्म प्रमाण पत्र, पानी कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास योजना, नाली निर्माण सहित अन्य समस्याओं से संबंधित मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के विकास के साथ-साथ शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की जिम्मेदारी है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे नगर पंचायत के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। नगर अध्यक्ष ने जामताड़ा नगर क्षेत्र के सभी मतदाताओं एवं शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी नागरिक को किसी भी प्रकार की समस्या है तो वे जनता दरबार में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं और उसके समाधान का प्रयास प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। नगर पंचायत प्रशासन जनता की समस्याओं को सुनने और उनके निराकरण के लिए तत्पर है। उन्होंने शहरवासियों से नियमित रूप से आयोजित होने वाले जनता दरबार का लाभ उठाने की अपील की। कहा कि जनता की सहभागिता से ही शहर के विकास को और गति दी जा सकती है। मौके पर जामताड़ा नगर पंचायत के वार्ड पार्षद, नगर पंचायत कर्मी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।