दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर मिहिजाम पुलिस ने बुधवार को शहर के मुख्य चौराहे पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दो पहिया और चार पहिया वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम ने चौराहे पर बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले सभी वाहनों को रोका। जांच के दौरान चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र और हेलमेट-सीट बेल्ट की बारीकी से जांच की गई। जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे या अवैध पाए गए, उनका मौके पर ही ऑनलाइन चालान काटा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाना है। हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनने वाले चालकों को सख्त हिदायत दी गई। कई चालक कागज पूरे न होने के कारण जुर्माना भरते नजर आए, वहीं कुछ चालक तुरंत अपने दस्तावेज मंगवाते दिखे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना लाइसेंस, बिना इंश्योरेंस और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर विशेष कार्रवाई होगी। लोगों से अपील की गई कि वे वाहन चलाते समय सभी जरूरी कागजात साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि न चालान कटे और न जान को खतरा हो।