सरायकेला: सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। निजी जमीन पर चारदीवारी निर्माण करा रहे जमीन मालिक पर बदमाशों ने कथित तौर पर रंगदारी की मांग करते हुए गोली चला दी, जिसमें वह घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल है।घायल अफसर नवाज ने बताया कि वह अपनी जमीन पर चारदीवारी निर्माण का कार्य करा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे युवकों ने उनसे रंगदारी की मांग की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने तीन राउंड फायरिंग कर दी।फायरिंग के दौरान एक गोली अफसर नवाज के पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। वहीं दूसरी गोली सड़क पर जा गिरी। अचानक हुई गोलीबारी से निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान में जुट गई है।स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।