तिसरी/गिरिडीह।
संवाददाता रंजन कुमार, रफ्तार मीडिया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर जिले की विभिन्न पंचायतों में जाति, आवासीय, आय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र (Certificate) जारी करने के लिए विशेष शिविर (Special Camp) लगाए जा रहे हैं। यह अभियान 5 अगस्त से 25 अगस्त तक चलाया जाना है।

इसी क्रम में मंगलवार को तिसरी प्रखंड की बेलवाना पंचायत भवन में एक दिवसीय शिविर (One Day Camp) का आयोजन किया गया। प्रमाण पत्र बनवाने की उम्मीद में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण पंचायत भवन पहुंचे।

250 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के आवेदन जमा

शिविर में मौजूद बेलवाना पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उमर फारूख ने बताया कि शिविर के दौरान करीब 250 जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र (Birth and Death Certificate) के आवेदन जमा किए गए।

हालांकि, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुखिया प्रतिनिधि के अनुसार, अंचल कर्मचारी जितेंद्र कुमार राम की शिविर में ड्यूटी थी, लेकिन उनके मौजूद नहीं रहने के कारण जाति और आवासीय प्रमाण पत्र के एक भी आवेदन (Application) जमा नहीं हो सके।

कर्मचारी के इंतजार में बैठे रहे ग्रामीण

ग्रामीणों ने बताया कि वे सुबह करीब 11 बजे से ही पंचायत भवन पहुंच गए थे, लेकिन जाति और आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित कर्मचारी के नहीं आने के कारण उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि कर्मचारी के नहीं पहुंचने के कारण कई लोगों को बिना आवेदन किए ही वापस लौटना पड़ा। इससे दूर-दराज से पहुंचे लोगों को काफी परेशानी हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन (Administration) से मांग की है कि विशेष शिविर में सभी संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को दोबारा चक्कर न लगाना पड़े।

शिविर के दौरान बेलवाना पंचायत सेवक धनेश्वर प्रसाद मौजूद रहे।