logo

नाला थाना क्षेत्र के कस्ता में बंद कोयला खदान धंसी, अवैध खनन के दौरान चार लोग गंभीर, जांच में जुटी पुलिस

 


जामताड़ा/ दिनबंधु राउत: झारखंड के जामताड़ा जिले के नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्ता स्थित एक बंद पड़ी कोयला खदान में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। अवैध रूप से कोयला निकालने के दौरान खदान का ऊपरी हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे चार लोगों के मलबे में दब जाने की आशंका जताई गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग बंद पड़ी खदान में अवैध रूप से कोयला निकालने के लिए अंदर गए थे। इसी दौरान खदान की छत भरभराकर गिर गई और चार लोग उसके नीचे दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी चारों को मलबे से बाहर निकाला गया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अवैध खनन की गतिविधियों को लेकर भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंद पड़ी खदानों में अक्सर अवैध खनन होता है, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।

Raftaar Media | सच के साथ
TAGS
RELATED POSTS